नई दिल्ली। देश में 11 नदियों में जल स्तर वार्निंग लेवल को पार कर गया है, लेकिन कहीं भी स्थिति खतरे के निशान से ऊपर या अत्यधिक बाढ़ की सीमा तक नहीं पहुंची है। केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी दैनिक बाढ़ बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई है।बुलेटिन के मुताबिक, वर्तमान में किसी भी स्थान पर गंभीर या अत्यधिक बाढ़ की स्थिति नहीं है और कहीं भी जल स्तर खतरे के निशान या उच्चतम बाढ़ स्तर तक नहीं पहुंचा है। देश में स्थित 11 रिवर मॉनिटरिंग स्टेशन से आए डेटा के आधार पर स्थिति नियंत्रण में है। असम की बात करें, तो करीमगंज में कुशियारा और जोरहाट में ब्रह्मपुत्र वार्निंग लेवल से ऊपर है। बिहार में कोसी, बागमती और गंडक का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। ओडिशा में सुवर्णरेखा नदी मथानी रोड ब्रिज और राजघाट पर सामान्य से ऊपर बह रही है।उत्तर प्रदेश में फतेहगढ़ और कछला ब्रिज पर गंगा, एल्गिनब्रिज पर घाघरा और खड्डा पर गंडक वार्निंग लेवल पर बह रही है। यहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है। तमिलनाडु के मुसिरी में कावेरी नदी का जलस्तर वॉर्निंग लेवल को पार कर गया है।बता दें कि असम, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु और यूपी में 12 जगहों को सामान्य से अधिक बाढ़ की स्थिति के लिए चिह्नित किया गया था। यहां वाटर लेवल खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन वॉर्निंग लेवल को पार कर गया है।उत्तराखंड में तेज बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब यात्रा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से सुरक्षित होगा, तभी आगे यात्रा शुरू की जाएगी।उत्तराखंड में केदारनाथ मार्ग पर बुधवार रात सोनप्रयाग के पास लैंडस्लाइड हुई और रास्ता बंद हो गया। इस दौरान 40 श्रद्धालु फंस गए। SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।राजस्थान में पिछले 4 दिन से बारिश का दौर जारी है।
बुधवार को भारी बारिश के बाद अजमेर शरीफ दरगाह परिसर में 2 फीट पानी भर गया।वहीं, भारी बारिश के दौरान दरगाह परिसर में बने बरामदे की छत का एक हिस्सा भी ढह गया। हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। दरगाह कमेटी ने उस हिस्से में लोगो की आवाजाही बंद कर दी है।हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। अब भी 29 लोग लापता हैं। गुरुवार को 2 और शव मिले। खराब मौसम के चलते राहत कार्य में दिक्कत आ सकती है, क्योंकि मौसम विभाग ने कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।

