- गांधीनगर में खेती बैंक द्वारा ऋण स्वीकार कार्यक्रम आयोजित
गांधीनगर । मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में ‘द गुजरात स्टेट को-ऑपरेटिव एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट बैंक लिमिटेड’- खेती बैंक द्वारा आयोजित ऋण स्वीकार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, विकास के पथ पर सबको साथ लेकर चलने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता से सहकारी क्षेत्र को नई दिशा मिली है। इसमें भी गुजरात के सहकारी बैंकों ने समग्र देश में उदाहरणीय कार्य किया है। खेती बैंक राज्य के किसानों के लिए भी विश्वास का प्रतीक बनी है। मुख्यमंत्री ने खेती बैंक को पिछले तीन वर्षों से शून्य प्रतिशत एन.पी.ए. के लिए भी बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में असहयोग आंदोलन में गुजरात अग्रणी रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में आयी सहकारिता क्रांति को सम्पूर्ण भारत में व्यापक बनाने के लिए मोदी साहब के दिशादर्शन में आजादी के बाद पहली बार अलग से सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहकारिता क्षेत्र को एक अनूठा विजन देने और लोगों को सहकारिता से जोड़ने के लिए ‘सहकार से समृद्धि’ का मंत्र दिया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में 2 लाख पैक्स के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा और नए रोजगार उत्पन्न करने का अभियान शुरू हुआ है। सहकारी बैंकों के ऑपरेशन में भी बड़े बदलाव हुए हैं और इसके परिणामस्वरूप सहकारी बैंकों की विश्वसनीयता बढ़ी है।

