गांधीनगर । गुजरात सरकार मिशन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस 2.0 के अंतर्गत चयनित राज्य के ग्रांट इन एड माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों को ढांचागत सुविधाएं सुदृढ़ करने के लिए सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री द्वारा मंजूर की गई इस योजना के अंतर्गत स्कूलों को छात्रों की संख्या के आधार पर स्कूलों में ढांचागत सुविधाएं विकसित करने के लिए केवल एक बार 10 लाख रुपए से लेकर 1.50 करोड़ रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना के अंतर्गत स्कूलों को जिन ढांचागत सुविधाओं के लिए सहायता दी जाएगी, उनमें अपेक्षित क्लासरूमों का निर्माण, पुस्तकालय, लेबोरेटरी, कंप्यूटर लैब, वोकेशनल रूम, गर्ल्स रूम आदि विशिष्ट कक्षों का निर्माण, छात्रों, छात्राओं और दिव्यांग छात्रों के लिए नए टॉयलेट ब्लॉक्स और पेयजल की सुविधा तथा अन्य बड़े मरम्मत कार्य, रंग-रोगन, कंपाउंड वॉल और दिव्यांगों के लिए आवश्यक सुगम्य ढांचागत सुविधाएं शामिल हैं।

