अहमदाबाद
गुजरात-राजस्थान सीमा के पास भैंसला गांव में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक इको कार और बाइक की जोरदार टक्कर में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे और एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि इको कार सड़क किनारे एक पुलिया में जा गिरी। इस हादसे में इको कार के ड्राइवर और बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार अरावली जिले के मलोज गांव के रहने वाले थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे और महिला को तुरंत इलाज के लिए राजस्थान के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस भयानक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

