अमेरिकी अधिकारी बोले- पुतिन यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने पर राजी
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने साफ कर दिया है कि यूक्रेन को सैन्य गठबंधन नाटो में शामिल नहीं किया जाएगा और न ही उसे 2014 से रूस के कब्जे वाला क्रीमिया वापस मिलेगा।ट्रम्प ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट किया कि जेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ चल रहा युद्ध तुरंत खत्म हो सकता है। सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि जेलेंस्की लड़ाई जारी रखना चाहते हैं या शांति का रास्ता अपनाते हैं।उन्होंने याद दिलाया कि 12 साल पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौर में बिना गोली चले क्रीमिया रूस को सौंप दिया गया था और यूक्रेन भी नाटो में शामिल नहीं हुआ। उन्होंने आगे कहा कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं। ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने रविवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन यूक्रेन को नाटो जैसी सुरक्षा गारंटी देने पर तैयार हैं।CNN को दिए एक इंटरव्यू में विटकॉफ ने बताया कि 15 अगस्त को अलास्का में ट्रम्प के साथ हुई बातचीत में यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी पर सहमति बनी।हालांकि पुतिन ने साफ किया है कि यूक्रेन को नाटो की सदस्यता देने पर रूस कभी राजी नहीं होगा। पुतिन ने इसे रेड लाइन कहा है।विटकॉफ के मुताबिक प्रस्तावित डील के तहत अमेरिका और यूरोपीय देश यूक्रेन को नाटो के आर्टिकल-5 जैसी सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराएंगे। बता दें कि आर्टिकल-5 के तहत किसी एक सदस्य देश पर हमला सभी पर हमला माना जाता है।

