पणजी
गोवा के पर्यावरण, बंदरगाह मंत्री, कानून एवं न्यायपालिका तथा विधायी मामलों के मंत्री एलेक्सो सेक्वेरा ने बुधवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया। सेक्वेरा ने दोपहर में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। नुवेम विधानसभा से विधायक एलेक्सो सेक्वेरा नवंबर 2023 में सावंत के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे। सेक्वेरा ने इस्तीफे को लेकर कहा, मैं स्वास्थ्य के आधार पर इस्तीफा नहीं दे रहा हूं, मैं व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री का भरपूर समर्थन मिला। सेक्वेरा ने 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन बाद में सितंबर 2022 में सात अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।

