गाजा। गाजा में शिविरों में शरण ले रहे और भोजन की तलाश में भटक रहे 25 लोगों की शनिवार को इस्राइली हमलों में मौत हो गई। स्थानीय अस्पतालों ने इसकी पुष्टि की है। गाजा के सबसे बड़े शहर में यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब भुखमरी को लेकर दुनियाभर की सरकारें इस्राइल की आलोचना कर रही हैं। नासेर अस्पताल के दस्तावेज और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को दक्षिण गाजा में हुए इस्राइली हमलों में 14 लोगों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि ये हमले खान यूनिस पर किए गए, जहां हजारों विस्थापित शरण लिए हुए थे। मारे गए लोगों में आधे से ज्यादा महिलाएं और बच्चे थे। दुनियाभर की सरकारें और राहत संगठन इस्राइल पर दबाव बना रहे हैं कि वह गाजा में पिछले 22 महीनों से जारी हमलों को रोके। सात अक्तूबर 2023 को हमास ने इस्राइल पर हमला किया था। जिसके बाद युद्ध शुरू हुआ। राहत संगठनों का कहना है कि कई महीनों से गाजार में जारी युद्ध और भोजन पर इस्राइल की पाबंदियों के कारण आम नागरिक भूख से तड़प रहे हैं। हालांकि, इस्राइल गाजा में भुखमरी के दावे को खारिज कर रहा है और उसकी सेना गाजा सिटी पर कब्जा करने की तैयारी में जुटी है। इस बीच, युद्ध विराम की कोशिशें भी थमी हुई हैं, क्योंकि अब सभी नजरें इस्राइल के अगले कदम पर टिकी हैं।

