नई दिल्ली
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, प्रोफेसर (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA), नई दिल्ली के निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। वर्तमान में, वह जोधपुर स्थित राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय (DSRRAU) के कुलपति हैं।
यह नियुक्ति प्रतिनियुक्ति के आधार पर की गई है और इसका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से पाँच साल के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रहेगा। उनका वेतन 15वें स्तर के पे मैट्रिक्स के अनुसार होगा। इस आदेश को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा 20 अगस्त, 2025 को अनुमोदित किया गया था। यह आदेश भारत सरकार के अवर सचिव अब्दुल सादिक खान द्वारा जारी किया गया है। इस आदेश की प्रतियां माननीय आयुष राज्य मंत्री, आयुष सचिव, और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
निरोगी जीवन का मंत्र देने वाले विशेषज्ञ
प्रोफेसर प्रजापति ने वर्षों तक एम्स (AIIMS) के आयुर्वेद विभाग में प्रोफेसर के रूप में सेवा दी है और अपने शोध और व्याख्यानों से देश के कई संस्थानों को समृद्ध किया है। उन्होंने दुनिया को निरोगी जीवन जीने का मंत्र दिया है। उनका मानना है कि विद्वत्ता के साथ मनुष्यता भी हो, तो इतिहास ऐसे व्यक्ति को हमेशा याद रखता है। इस नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें बधाई दी जा रही है और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की जा रही है।

