मुंबई
शुक्रवार को स्पाइसजेट की एक फ्लाइट के साथ एक अजीब घटना हुई। यह फ्लाइट Q400 विमान गुजरात के कांडला से मुंबई जा रही थी। फ्लाइट के टेक-ऑफ के बाद रनवे पर विमान का एक बाहरी पहिया गिर गया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी दी। विमान में 75 यात्री सवार थे। कांडला एयरपोर्ट पर विमान का पहिया निकलने के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने तुरंत इमरजेंसी घोषित कर दी। स्पाइसजेट ने कहा कि पहिया निकलने के बाद भी विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और मुंबई में सुरक्षित रूप से उतरा। राहत की बात है कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सुरक्षित लैंडिंग के बाद, विमान अपने आप टर्मिनल तक गया और सभी यात्री सामान्य रूप से उतरे।यह विमान बॉम्बार्डियर DHC8-400 था। यह SG-2906 उड़ान के तौर पर चल रहा था। विमान ने दोपहर 2.39 बजे उड़ान भरी। एक सूत्र ने बताया कि कांडला में रनवे 23 से उड़ान भरते समय, टावर कंट्रोलर ने विमान से एक काले रंग की बड़ी चीज गिरते हुए देखी। यह रनवे पर दाहिनी ओर से गिरी और टायर की तरह लुढ़की। जांच के लिए भेजी गई जीप को टायर और धातु के छल्ले सही सलामत मिले। बॉम्बार्डियर DHC8-400 में एक खास लैंडिंग सिस्टम होता है। इसे ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम कहते हैं। इसमें आगे की तरफ दो पहिए और हर मेन लैंडिंग गियर पर दो मुख्य पहिए होते हैं।

