गांधीनगर
14-15 सितंबर 2025 को गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में हिन्दी दिवस 2025 और पांचवां अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन आयोजित होगा। यह आयोजन गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में हो रहा है। हिन्दी, भारत की संपर्क भाषा, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम में हिन्दी ने जनता को जोड़ा और संविधान सभा ने इसे राजभाषा के रूप में स्वीकार किया। 14 सितंबर को हिन्दी को राजभाषा का दर्जा मिलने के 76 वर्ष पूरे होंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री द्वारा बहुभाषी अनुवाद सॉफ्टवेयर ‘भारती’ और हिन्दी शब्द सिन्धु के उन्नत संस्करण (सात लाख शब्दों के साथ) का लोकार्पण होगा। ‘राजभाषा भारती’ पत्रिका और ‘हिन्दी और भारतीय भाषाएँ: अनुवाद के आयाम’ पुस्तक का विमोचन भी होगा। राजभाषा गौरव और कीर्ति पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सम्मेलन में पांच सत्र होंगे, जिनमें हिन्दी और भारतीय भाषाओं का समन्वय, तकनीकी उपयोग, और सांस्कृतिक महत्व जैसे विषयों पर चर्चा होगी। रवि किशन, चंद्रप्रकाश द्विवेदी और मनोज जोशी जैसे दिग्गज शामिल होंगे। यह आयोजन हिन्दी को विश्व भाषा बनाने और भारत की भाषाई एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
gujaratvaibhav.com

