1 से 15 नवंबर तक चलने वाले भारत पर्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना होगी उजागर
गांधीनगर
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में शनिवार, 1 नवंबर की शाम ‘भारत पर्व-2025’ का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और पर्यटन राज्य मंत्री डॉ. जयराम गामित भी मौजूद रहेंगे। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती देश भर में मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से इस वर्ष एकता नगर में यह कार्यक्रम नई दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय समारोह की तरह ही भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 1 से 15 नवंबर, 2025 के दौरान आयोजित होने वाले भारत पर्व में देश की ‘विविधता में एकता’ की संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले अनेक सांस्कृतिक और देशभक्ति के कार्यक्रमों के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को उजागर किया जाएगा। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और राज्य सरकार के पर्यटन विभाग तथा युवा सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एकता नगर में पहली बार भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। भारत पर्व में भारत की विभिन्न सांस्कृतिक विरासत, खान-पान परंपरा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, प्रतिदिन शाम को दो अलग-अलग राज्य अपनी अनोखी परंपराओं और कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी। भारत पर्व के अंतर्गत जंगल सफारी के पास 45 फूड स्टॉल और एक लाइव स्टूडियो किचन का आयोजन किया गया है, जहां विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के व्यंजन परोसे जाएंगे।इसके अलावा, यहां लगाए गए 55 हस्तकला स्टॉलों में भारत के विभिन्न राज्यों की रंगबिरंगी एवं नवीन हस्तकलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। भारत दर्शन पवेलियान में विभिन्न राज्यों के पवेलियन बनाए गए हैं, जहां उन राज्यों के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विशेषताओं को दर्शाया गया है। gujaratvaibhav.com

