मुंबई। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मंगलवार को बताया कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में 2 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निकायों में आचार संहिता लागू हो गई है। वाघमारे ने आगे बताया कि इन चुनावों में 6,859 सदस्य और 288 अध्यक्ष पदों के लिए मतदान होगा। इस बार मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से कराया जाएगा। राज्य में कुल 1.7 करोड़ पात्र मतदाता हैं, जिनमें 53,79,931 पुरुष, 53,22,870 महिलाएं और 775 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 13,355 केंद्र बनाए जाएंगे, जबकि कुल वार्डों की संख्या 3,820 होगी। इनमें से 3,492 सीटें महिलाओं, 895 अनुसूचित जाति, 338 अनुसूचित जनजाति और 1,821 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं।

