फरीदाबाद
दिल्ली में हुए विस्फोट की जांच के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को फरीदाबाद पहुंचे। उन्होंने सूरजकुंड में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक की अध्यक्षता की। शाह के आगमन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनका स्वागत किया।बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। इनके अलावा, पंजाब और हरियाणा के गवर्नर, दिल्ली, जम्मू कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल भी मौजूद रहे।बैठक में आंतरिक सुरक्षा और महिलाओं तथा बच्चों के साथ रेप के मामलों को तेजी से सुलझाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय परिषदों की बैठकें केंद्र सरकार और सदस्य राज्यों के बीच क्षेत्रीय समस्याओं और विवादों को सुलझाने के लिए आयोजित की जाती हैं, ताकि इन मुद्दों पर आगे बढ़ा जा सके।

