26 मंत्रियों ने भी शपथ ली; भाजपा के 14, जदयू के 8, चिराग के 2 मंत्री; एक मुस्लिम चेहरा
पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया
शपथ ग्रहण समारोह में अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे
पटना। नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान पटना में 11.30 बजे आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के पश्चात् मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई एवं शुभकामनायें दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुये उन्हें धन्यवाद दिया। मंत्रियों के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने वालों में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पाण्डे, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मो. जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेन्द्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह एवं दीपक प्रकाश शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान, केन्द्रीय मंत्री अर्जन राम मेघवाल, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडण्वीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य विशिष्ट अतिथिगण, सांसदगण, नवनिर्वाचित विधायकगण, विधान पार्षदगण, गणमान्य व्यक्ति, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली। वहीं 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली। जिनमें 14 बीजेपी कोटे से, 8 जदयू से, 2 लोजपा (R) से जबकि हम और कुशवाहा की पार्टी से 1-1 को मंत्री बनाया गया है। इस मंत्रिमंडल में एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल है। जदयू ने जमा खान को फिर मंत्री बनाया है। नीतीश कैबिनेट में इस बार नए चेहरों को मौका दिया गया है। रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। शपथ के बाद पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को बधाई देते हुए कई ट्वीट किए। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ‘बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नीतीश कुमार जी को हार्दिक बधाई। वे एक अनुभवी प्रशासक हैं और कई वर्षों से सुशासन का बेहतरीन रिकॉर्ड रखते हैं। उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।” डिप्टी सीएम बनाए गए सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ‘बिहार के उपमुख्यमंत्री बनने पर सम्राट चौधरी जी और विजय सिन्हा जी को हार्दिक बधाई। दोनों नेता जनता की सेवा में लंबे समय से कार्यरत हैं। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’
आदरणीय नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई:तेजस्वी
जद नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर नीतीश कुमार को बधाई दी है. तेजस्वी यादव ने लिखा है कि आदरणीय नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई. उन्होंने आगे लिखा है कि मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी.

