सूरत। सूरत क्राइम ब्रांच ने अफगानिस्तान के 42 वर्षीय नागरिक मोहम्मद आमिर जावेद खान को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड हासिल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मूल रूप से काबुल निवासी आरोपी UNHCR रेफ्यूजी कार्ड के जरिए भारत में रह रहा था और सूरत के जहांगीरपुरा क्षेत्र में कपड़े का व्यापार करता था। वह दिल्ली, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भी कारोबार चलाता था।पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने महाराष्ट्र के जालना निवासी अपने साथी अगजान (फरार) के साथ मिलकर साजिश रची। उसने फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनवाया, जिसमें अपना जन्म 4 जून 1983 को जालना में दिखाया। इसी आधार पर उसने सभी भारतीय दस्तावेज प्राप्त कर लिए। श्रम विभाग की कार्रवाई के दौरान यह घोटाला सामने आया। चौकबाजार पुलिस स्टेशन में IPC की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार साथी की तलाश कर रही है।

