नई दिल्ली
उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कश्मीर से लेकर हिमाचल तक पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। जोजिला जैसे इलाकों में अत्यधिक ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र भी माइनस तापमान में जकड़े हुए हैं। जम्मू संभाग में भी कई जगहों पर पारा 5 डिग्री के नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ेगा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का एक और दौर शुरू हो सकता है। 12 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत के विस्तृत क्षेत्रों में शीतलहर और देश के कई हिस्सों विशेषकर असम, मणिपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कश्मीर घाटी में पुलवामा माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार घाटी में 12 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 13 दिसंबर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में दिन में धूप खिली रहने के बावजूद रातें और सुबह-शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। शिमला में रात का तापमान 9 डिग्री और नाहन में 10 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, ऊना, सोलन और कांगड़ा में न्यूनतम पारा 6 डिग्री से नीचे रहा।

