अहमदाबाद
गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीशई विश्वकर्मा द्वारा हाल ही में घोषित की गई प्रदेश कार्यकारिणी में समावेशी और अनुभवी नेतृत्व को प्राथमिकता दी गई है। इस नई टीम में राजस्थान (पाली जिला) के मूल निवासी और वर्तमान में अहमदाबाद में सक्रिय नरेंद्र सिंह राजपुरोहित को स्थान दिया गया है। उनकी इस नियुक्ति से गुजरात में रहने वाले हिंदी भाषी और प्रवासी समाज के बीच खुशी की लहर है। सांस्कृतिक और भाषाई गौरव के लिए समर्पित व्यक्तित्व नरेंद्र सिंह राजपुरोहित पिछले कई वर्षों से गुजरात में सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बना चुके हैं। वे विशेष रूप से हिंदी भाषा के सम्मान और अन्य भाषाई समाजों के उत्कर्ष के लिए कार्यरत रहे हैं। भाजपा के ‘भाषा भाषी सेल’ के माध्यम से उन्होंने गुजरात में रहने वाले विभिन्न राज्यों के प्रवासियों के बीच पार्टी की विचारधारा को पहुँचाने और संगठन का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नियुक्ति पर उत्साह और बधाइयों का तांता कार्यकारिणी में पूर्व मंत्रियों, विधायकों और सामाजिक दिग्गजों के साथ नरेंद्र सिंह पुरोहित के समावेश को एक संतुलित कदम माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों और अन्य भाषी समाजों के प्रवृत्त लोगों ने उन्हें अपार आशीर्वाद और शुभकामनाएँ दी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से आगामी समय में अन्य भाषी समाजों में भाजपा का प्रभाव और भी मजबूत होगा।

