नई दिल्ली
चुनाव आयोग ने मंगलवार को असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए विशेष पुनर्निरीक्षण (एसआर) 2026 की अंतिम मतदाता सूची जारी की है, जिसमें 2.49 करोड़ से ज्यादा वोटर हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी असम के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 2,52,01,624 थी, जो अंतिम सूची में घटकर 2,49,58,139 हो गई है यानी ड्राफ्ट रोल से 2.43 लाख नाम हटाए गए। इस अंतिम सूची में 1,24,82,213 पुरुष मतदाता, 1,24,75,583 महिला मतदाता, और 343 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। असम के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया, विशेष पुनर्निरीक्षण (एसआर) 2026 के लिए इंटीग्रेटेड ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 27 दिसंबर 2025 को पब्लिश की गई थी। इससे पहले 22 नवंबर 2025 से 20 दिसंबर 2025 तक हाउस-टू-हाउस सत्यापन अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया।

