अहमदाबाद। गुजरात प्रान्तीय राष्ट्रभाषा प्रचार समिति और मे.ब. पटेल राष्ट्रभाषा महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो प्रमुख राज्य स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। ये स्पर्धाएं युवाओं के बीच हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों को पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं ।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन स्मृति में वर्ष 1954 से निरंतर आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित स्पर्धा का 71वां उत्सव 22 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे आयोजित किया जाएगा। “एक राष्ट्र, एक भाषा: प्रशासनिक सरलता या भाषाई साम्राज्यवाद का आर्थिक बोझ?” यह स्पर्धा केवल गुजरात के हिंदीतर भाषा-भाषी (जिनकी मातृभाषा और प्राथमिक शिक्षा हिंदी नहीं है) कॉलेज विद्यार्थियों के लिए है। प्रतिभागियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रत्येक वक्ता को विषय के पक्ष या विपक्ष में 5 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रत्येक संस्था से पक्ष और विपक्ष के दो-दो प्रतिस्पर्धी प्राचार्य के सिफारिश पत्र के साथ भाग ले सकते हैं। विजेताओं को नकद और पुस्तकों के रूप में प्रथम (1500 रु.), द्वितीय (1000 रु.) और तृतीय (750 रु.) पुरस्कार दिए जाएंगे। समिति द्वारा राज्य के समस्त महाविद्यालयों के लिए 70वीं अखिल गुजरात हिंदी निबंध स्पर्धा निबंध स्पर्धा का भी आयोजन किया गया है निबंध का विषय “राष्ट्र निर्माता – सरदार वल्लभभाई पटेल” है। निबंध कम से कम 3000 शब्दों का होना चाहिए और प्रतिभागी द्वारा स्वयं के हाथ से कागज के एक तरफ लिखा होना चाहिए। निबंध पहुँचाने की अंतिम तारीख 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। प्रथम स्थान के लिए 1000 रु., द्वितीय के लिए 700 रु. और तृतीय के लिए 500 रु. का पुरस्कार तय किया गया है। इन स्पर्धाओं का आयोजन जेठालाल जोषी सभागृह, राष्ट्रभाषा हिन्दी भवन, एलिसब्रिज, अहमदाबाद में किया जाएगा। दोनों स्पर्धाओं के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये रखा गया है। अधिक जानकारी के लिए संस्था के ईमेल (rashtrabhashahindibhavan@gmail.com) या फोन नंबर (079-26464507) पर संपर्क किया जा सकता है।
