- तीन महीने के राशन सामग्री का हुआ वितरण, अगला आयोजन भी पुरुषोत्तम मास में ही होगा : पुष्पा बिंदल
अहमदाबाद। पवित्र पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर मंगलवार को ‘ओम सत्कर्म सुंदरकांड’ ग्रुप द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से संचालित वात्सल्य वृद्धाश्रम पर विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सेवाभावी कार्यक्रम में करीब 50 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। संगीतमय सुंदरकांड के दौरान उपस्थित लोग भक्तिभावना में पूरी तरह डूब गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुष्पा बिंदल, आशा अग्रवाल, इंदिरा अग्रवाल, सरोज अग्रवाल, मधु अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, शशि किरण अग्रवाल और मंजू अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संस्थाकीय अध्यक्ष पुष्पाबिंदल ने बताया कि, पुरुषोत्तम महीने में दान-पुण्य के विशेष महत्व को देखते हुए इस अवसर पर बड़े पैमाने पर सेवा कार्य भी किया गया। उपस्थित सेवाभावी संस्था और सदस्यों की ओर से रेडक्रॉस में रह रहे लोगों के लिए भारी मात्रा में राहत सामग्री भेंट की गई। उन्होंने बताया कि, जरूरतमंदों के लिए फल, नमकीन, बिस्कीट, आटा, चावल, दाल (मोगर और तुवेर दाल), चीनी, तेल और गुड़ जैसी जरूरी खाद्य सामग्रियां दी गईं। अनुमान के मुताबिक, यह राशन वहां के लोगों के लिए आगामी दो से तीन महीने की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। इसके साथ ही प्रचुर मात्रा में ताजी साग-सब्जियां भी वितरित की गईं। कुल 50 विशेष थैले तैयार किए गए थे, जिनमें रोजमर्रा और जरूरत का पूरा सामान भरकर वहां मौजूद लोगों को सौंपा गया। पुष्पा बिंदल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में दान-पुण्य और भक्ति का फल अनंत गुना मिलता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए, इस श्रृंखला का अगला सुंदरकांड पाठ भी इसी पुरुषोत्तम महीने के दौरान आयोजित करने का संकल्प लिया गया है।

