इस्लामाबाद ।
खैबर पख्तूनख्वा के मर्दान में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हो गए। यह दुर्घटना स्वात मोटरवे के खोरो कोटाय सईदाबाद इलाके में हुई। रिपोर्ट के अनुसार, स्वात जा रही यात्री बस सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस से टकरा गई। खड़ी बस में तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण उसे किनारे रोक दिया गया था। प्रमुख पाकिस्तानी दैनिक डॉन के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल, मोटरवे पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को मर्दान मेडिकल कॉम्प्लेक्स अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान अभी पूरी तरह से नहीं हो सकी है, हालांकि अधिकांश यात्री दीर और बाजौर से थे और ईद की छुट्टियों के लिए घर लौट रहे थे।
खैबर पख्तूनख्वा के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री शफी जान ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

