अमेरिका के साथ कई मुद्दों पर बनी सहमति, समझौते की जल्दबाजी नहीं: ईरान
वॉशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि वे ईरान के साथ ओबामा जैसी डील नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि या तो अच्छा समझौता होगा या फिर कुछ भी नहीं होगा।ट्रम्प ने ईरान के साथ होने वाले समझौते की आलोचना करने वाले नेताओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- जिन्हें ईरान के साथ होने वाले समझौते के बारे में कुछ भी नहीं पता है, वे भी इसकी बुराई कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि ये लोग कमजोर हैं और सिर्फ देश को बांटते हैं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि उनका संभावित समझौता 2015 के परमाणु समझौते जैसा नहीं होगा। ट्रम्प ने ओबामा के समझौते को आपदा बताया और दावा किया कि उससे ईरान के लिए परमाणु हथियार तक पहुंचने का रास्ता खुल गया था। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत के तहत ज्यादातर मुद्दों पर नतीजा निकल चुका है। हालांकि, किसी भी समझौते को फाइनल करने के लिए कोई खास टाइमफ्रेम तय नहीं किया गया है। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाघेई ने कहा कि कोई भी यह दावा नहीं कर सकता कि समझौते पर हस्ताक्षर होने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में राजनीतिक व्यवहार कुछ हद तक एक जैसा नहीं था। बाघेई ने कहा कि कुछ ही घंटों में अमेरिका का बदला रवैया किसी भी बातचीत की प्रक्रिया को मुश्किल बना देता है। वाशिंगटन में फैसले लेने की प्रक्रिया अव्यवस्थित है। उन्होंने कई इस्तीफों, कांग्रेस के विरोध, पब्लिक ओपिनियन और अमेरिका में अंदरूनी उलझनों के बारे में बात की। इस स्थिति ने कुछ क्षेत्रों के असर के लिए जगह बनाई है, जिसमें इजरायली शासन के लोग भी शामिल हैं।

