- अहमदाबाद में अंकुर चार रास्ता के पास कार्यक्रम सुबह 6 से 8.30 बजे तक
अहमदाबाद। निरंकारी बाबा हरदेव सिंह द्वारा कहे गए स्वर्णिम शब्द ‘प्रदूषण अंदर हो या बाहर दोनों ही हानिकारक है’ – इस अमोलक कथन को निरंकारी मिशन कई वर्षो से विभिन्न सामाजिक धर्मार्थ गतिविधियों में भागीदारी लेने हेतु एक प्रेरक शक्ति के रूप में उपयोग कर रहा है। इन कल्याणकारी गतिविधियों में प्राय: मेगा वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण परियोजनाएं, पर्यावरणीय मुद्दों के बारे में जागरूकता अभियान इत्यादि सम्मिलित है। मानवता को समर्पित निरंकारी मिशन की यह सभी सेवाएं सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशन में निरंतर क्रमवार रूप में भक्तों एवं श्रद्धालुओं द्वारा जारी है। संत निरंकारी मण्डल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने जानकारी सांझा करते हुए बताया कि ‘वननेस वन’ परियोजना का दूसरा चरण सन् 2022 में भी क्रियान्वित है जिसके अंतर्गत स्थानों की संख्या 317 से बढ़कर 403 हुई और वृक्षों की संख्या बढ़कर 1.65 लाख पहुंची। पर्यावरण संरक्षण हेतु जारी इस श्रृंखला के अंतर्गत संत निरंकारी मिशन, सत्गुरु माता एवं निरंकारी राजपिता के पावन आशीर्वाद से ‘वननेस वन’ परियोजना के तीसरे चरण की सेवाएं आरंभ करने जा रहा है जिसके अंतर्गत संपूर्ण भारतवर्ष के लगभग 500 से भी अधिक स्थानों पर 13 अगस्त, 2023, दिन रविवार को प्रात: 8.00 बजे से ‘मेगा वृक्षारोपण अभियान’ का आयोजन किया जायेगा। ‘वननेस वन’ परियोजना के अंतर्गत कल 13 अगस्त को अहमदाबाद शहर के एएमसी ग्राउन्ड, अंकुर चार रास्ता, देव नंदन पार्क के पास, डी मार्ट के पीछे, नवा नरोडा पर प्रात: 6 से 8.30 बजे तक कार्यक्रम आयोजन किया जा रहा है।