लखनऊ। खेलकूद की गतिविधियां एक खिलाड़ी के लिए उसकी रचनात्मकता का प्रतीक होती है। खिलाड़ी अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से सकारात्मक ऊर्जा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज में कुछ कर गुजरने की तमन्ना रखता है, लेकिन जैसे ही उसे सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलता है वो खिलाड़ी अक्सर प्रैक्टिस बंद कर देते हैं। आप सबको उत्तर प्रदेश पुलिस टीम का हिस्सा बनकर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तैयार रहना है। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन के सभागार में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से कुशल खिलाड़ी कोटे में चयनित 233 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जिस ईमानदारी और पारदर्शी तरीके से आपका चयन हुआ है, आपसे भी राज्य सरकार को इसी ईमानदारी की उम्मीद है। अपनी प्रैक्टिस को निरंतर बनाए रखते हुए जब तक सामर्थ्य है उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए, राज्य सरकार के लिए खेलिए। जब आपको लगेगा कि अब इससे अलग होना है तो फिर उत्तर प्रदेश पुलिस बल में उस संबंधित खेल के कोच के रूप में युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए तत्पर रहने के लिए कार्य करना होगा। जीवन के हर क्षेत्र में शोध के कुछ अवसर आते हैं। नवाचार और शोध पर हमें निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि हम अपने खिलाड़ियों को अपडेट कर सकें। सीएम योगी ने कहा कि इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कुशल खिलाड़ियों के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से भी कुशल खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत का वह भाग है जिसके तहत खिलाड़ी की उन भावनाओं को सम्मान देना है जो अपने लिए नहीं, देश के लिए खेलता है। पूरे देश से वह उम्मीद भी रखता है कि पूरा देश उसके बारे में सोंचे। यह पहली बार नहीं है, याद कीजिए टोक्यो ओलंपिक या पैरालंपिक में जिन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीते थे, वे चाहे देश में किसी भी राज्य के हों, उन सभी को हमने सम्मान दिया था और नकद राशि भी उपलब्ध कराई थी। हमारा मानना है कि खिलाड़ी देश के लिए खेलता है। उसकी मेहनत और परिश्रम का परिणाम वैश्विक मंच पर देश की शक्ति और सामर्थ्य के रूप में देखने को मिलता है तो स्वाभाविक रूप से इस समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि खिलाड़ी को किसी संकीर्ण दायरे में बांधकर न रखें। उत्तर प्रदेश पुलिस बल ने इसी विराट ह्दय का परिचय दिया है और 233 खिलाड़ियों को नियुक्ति की प्रक्रिया से जोड़कर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की पुलिस ने आज देश में उत्तर प्रदेश के परसेप्शन को बदलने का काम किया है। आज देश में कहीं भी कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी होती है तो लोग कहते हैं कि उत्तर प्रदेश की पुलिस को बुला लीजिए। आम लोगों के मन में एक विश्वास पैदा हुआ है। हर तबके के मन में सुरक्षा का वातावरण बना है। पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं। सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो रहे हैं। प्रदेश के अंदर बड़े से बड़ा निवेश भी आ रहा है। आपने हाल ही में रिजर्व बैंक की रिपोर्ट देखी होगी। देश के अंदर सबसे अधिक निवेश करवाने वाले राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। आज उत्तर प्रदेश सबसे अधिक टूरिस्ट्स को आकर्षित कर रहा है। 31 करोड़ टूरिस्ट्स एक वर्ष में उत्तर प्रदेश में आए हैं। ये सब दिखाता है कि बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल ने ये बदलाव लाने में सफलता प्राप्त की है तो इससे राज्य सरकार, नौजवानों की छवि भी बदली है। आप जैसे खिलाड़ी भी जब प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनेंगे और यूपी पुलिस के लिए पदक झटकेंगे तो यह उत्तर प्रदेश की छवि को और निखार लाने में मददगार होगी।
सीएम योगी ने कहा कि खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलकूद के अनेक कार्यक्रम घोषित किए जा रहे हैं। हर गांव में खेल का मैदान हो, ओपन जिम का निर्माण हो। यहां बच्चे प्रैक्टिस करें। खेल के मैदानों में खेल गतिविधियों में जुड़ें। इसके लिए हर ग्राम पंचायत में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल गठित करके उन्हें भी स्पोर्ट्स की किट उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 65 हजार युवक एवं महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा चुकी है। हमारा प्रयास है कि हर युवक एवं महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करवा करके खेलकूद की गतिविधियों का केंद्र बिंदु ग्राम पंचायत को बनाएंगे। यहां से प्रतिभाएं तराशी जाएंगी। फिर प्रतियोगिता को बढ़ाने का क्रम विकास खंड स्तर पर मिनी स्टेडियम तक और जिले के स्टेडियम में पहुंचेगा। प्रदेश के अंदर दो इंटरनेशनल स्टेडियम हैं और इसकी संख्या में बढ़ोतरी की तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है। वाराणसी में इस पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। ये चीजें दिखाती हैं कि खेलकूद की गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।