होशियारपुर। भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा चांद पर भेजे गए चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह भारतीय वैज्ञानिकों की बहुत बड़ी उप्लब्धि है जिसके जरिए भारत ने इतिहास लिखा है। खन्ना ने कहा कि मिशन चंद्रयान 3 द्वारा भारत ने अंतरिक्ष की दुनिया में नया इतिहास रचा है। भारत साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। अब चांद के साउथ पोल पर रोवर प्रज्ञान अपना काम शुरू करेगा और चांद की सतह से जानकारी जुटाकर लैंडर विक्रम के जरिए धरती तक पहुंचाएगा। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारत को वैश्विक स्तर पर बहुत लाभ हो सकते हैं। खन्ना ने बताया कि भारत द्वारा चांद पर पहले भेजे गए चंद्रयान-1 ने चांद पर पानी खोजा। चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर आज भी काम कर रहा है जिसने चंद्रयान-3 के लिए लैंडिंग साइट खोजी। खन्ना ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता ने दुनिया में भारत के दमखम को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि मिशन चंद्रयान 3 ने यह साबित कर दिया है कि भारत की काबिलियत खुद को सुपर पावर समझने वाले किसी देश से कम नहीं है। भारत ऐसा पहला देश है जिसने कम बजट में चंद्रयान 3 प्रोजैक्ट को सफल बनाया। भारत की इस उप्लब्धि से दुनिया में ये संदेश गया है कि भारत के पास वो क्षमता है जो कम बजट और कम संसाधनों में भी वो काम कर सकता है, जो बड़े-बड़े देश नहीं कर सकते। इस उपलब्धि ने दुनियाभर में भारत की विश्वसनीयता को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
चंद्रयान-3 की सफलता के बाद इसरो का नाम दुनिया की सबसे बड़ी स्पेस एजेसियों में शामिल होगा। खन्ना ने इस मौके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साथ भारत के महान वैज्ञानिकों तथा देशवासियों को भारत इस बड़ी उप्लब्धि के लिए शुभकामनाएं दी।