लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के आईटी और सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में सम्पन्न हुई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में हुई। कार्यशाला में भाजपा के ‘शंखनाद अभियान का भी उद्ïघोष हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘शंखनाद अभियान की कार्यशाला में भाजपा सोशल मीडिया टीम से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के लिए विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों का भरपूर उपयोग करने के लिए कई टिप्स दिये। उन्होंने कहा कि विरोधी दल के किसी भी झूठ का जवाब योजना के लाभार्थियों के जरिये दिलाएं। इससे ना सिर्फ विरोधियों के झूठ का पर्दाफाश होगा, बल्कि इससे उन्हें मुंहतोड़ जवाब भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर नकारात्मक सूचनाओं का सही समय पर जवाब देना जरूरी है। सही और तार्किक जवाब दें, साथ ही भाषाई मर्यादा का भी विशेष ध्यान रखें। योजनाओं की जानकारी रखें। इस समय विरोधियों के पास कोई मुद्दा नहीं है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने आईटी एवं सोशल मीडिया की कार्यशाला में कहा कि वर्तमान दौर युवा शक्ति का दौर है। आज का युवा सोशल मीडिया के अनेकों प्लेटफार्म पर सक्रियता के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा अपनी बात, अपनी विचारधारा और सरकार के कार्यो को आमजनमानस तक सहजता और सरलता के साथ शीघ्रता से पहुंचाने में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से सोशल मीडिया और आइटी विभाग के कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ी हैं। उन्होंने कहा सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए 24 घंटे सजग रहते हुए सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर सक्रिय रहना होगा।