पटना। भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही देश की जनता की पहली और आखिरी पसंद है और आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्ष चकनाचूर हो जायेगा। सिन्हा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से देश और विदेशी संस्थानों द्वारा भारत में सर्वाधिक लोकप्रिय और प्रधानमंत्री पद के लिये पसन्दीदा व्यक्ति के संबंध में सर्वे कराया गया है। सभी सर्वे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीसरे टर्म के लिए सबकी पसंद हैं। औसतन 75 प्रतिशत लोगों की राय में वे तीसरी बार फिर भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। विपक्षी कुनबे के नेता लोकप्रियता औऱ पसंद में कोसों दूर हैं। सिन्हा ने कहा कि घमण्डिया गठबंधन के नेताओं के द्वारा पूर्व में कुल मिलाकर 20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला किया गया है जिससे देश की जनता अवगत है। इनका न्यूनतम साझा कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकतम साझा आर्थिक लाभ पर आधारित होने वाला है। सोनिया गांधी औऱ लालू प्रसाद जैसे नेताओं को देश की विजली, सड़क,शिक्षा, स्वास्थ्य में बढ़ोतरी और सुधार से कोई मतलब नहीं है। अपने वच्चों को राजनीतिक स्थायित्व और स्थिरता का इंतजाम करना ही इनका मौलिक उद्देश्य है। साथ ही भ्रष्टाचार के मामलों में राहत की भी इनको उम्मीद है।