- रायपुर में राष्ट्रपति ने कहा- सबसे बढ़िया राज्य के सबसे बढ़िया मुख्यमंत्री
रायपुर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, अगर आप राम राज्य का सपना देख रहे हैं तो आपको राम और सीता बनना होगा। देश को विश्व गुरू बनाने के लिए उसी दिशा में कदम रखना होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि, हमारा देश नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चाहे चांद पर तिरंगा लहराना हो या फिर विश्व स्तर पर खेल-कूद में नए अध्याय लिखने हों। वहीं उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा के स्टूडेंट्स के खुदकुशी करने के मामलों को लेकर भी चिंता जताई। राष्ट्रपति अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर गुरुवार को रायपुर पहुंची हैं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से शांति सरोवर आश्रम में हो रहे कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कहा कि, एक अत्यंत गंभीर विषय है। कुछ दिनों पहले ही NEET की तैयारी करने वाले दो विद्यार्थियों ने अपने जीवन, सपनों और अपने भविष्य का अंत कर दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पढ़ाई कर रहे कई बच्चों ने पिछले दिनों आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि, प्रतिस्पर्धा एक सकारात्मक भाव है, जिससे जीवन संवरता है। हार-जीत तो जीवन का हिस्सा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, राष्ट्रपति का आगमन छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बहुत गौरव का क्षण है। उनकी इस यात्रा के लिए मैं छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ नागरिकों की ओर से बहुत धन्यवाद देता हूं। सीएम ने कहा कि, आज राष्ट्रपति, पूरे देश की मुखिया के आगमन से हम छत्तीसगढ़ के लोग विशेष आत्मीयता का अनुभव कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे कोई अपना, अपने ही घर आया है। आप संविधान की रक्षक हैं, आपके आगमन से छत्तीसगढ़ के लोग बहुत सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।