जयपुर । राजस्थान के जैसलमेर में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 तो चांद पर उतर आया, लेकिन राहुलयान की अभी तक न तो लैंडिंग हो पाई और न ही लॉन्चिंग की गई। राजनाथ सिंह ने ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ को संबोधित करते हुए कहा कि चंद्रयान ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की है। ऐसा आज तक कोई देश नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि भारत चांद पर पहुंच गया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का पहला सोलर मिशन आदित्य एल1 भी सूर्य की ओर रवाना हो गया है। कांग्रेस इस पर भी सवाल उठाने की कोशिश करती है, लेकिन जब वह देश का मूड देखती है तो चुप्पी साध लेती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मंगलयान, चंद्रयान और सूर्ययान की लॉन्चिंग भी हो गई, लैडिंग भी हो गई लेकिन राहुलयान की 20 साल से न तो लैंडिंग हो पाई है और न ही लॉन्चिंग हो पाई है। गौरतलब है कि चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था। यह 23 अगस्त को चांद की सतह पर उतरा। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘हिंदू-मुस्लिम’ और ‘पिछड़ों’ का हवाला देकर राजस्थान में समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है।