नई दिल्ली । प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के डायरेक्टर अरुण कुमार सिन्हा का 6 सितंबर, बुधवार को गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 61 साल के थे और कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे।सिन्हा 2016 से SPG डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। इस साल 31 मई को वे रिटायर होने वाले थे। रिटायरमेंट के एक दिन पहले ही सरकार ने उन्हें एक साल के लिए सर्विस एक्सटेंशन दिया गया था। सिन्हा 1987 बैच के केरल कैडर के IPS अफसर थे। केरल में वे एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस थे। इससे पहले सिन्हा DCP कमिश्नर, रेंज IG, इन्टेलिजेंस IG और तिरुवनंतपुरम में एडमिनिस्ट्रेटिव IG के तौर पर काम कर चुके हैं।वे झारखंड के हजारीबाग से थे। सिन्हा ने अपना ज्यादातर करियर केरल में बिताया। वे महिलाओं की सुरक्षा और नॉन रेसिडेंट भारतीयों से जुडे़ मामलों के प्रमुख भी रहे हैं। डायरेक्टर सिन्हा के निधन पर इंडियन पुलिस सर्विसेस (IPS) एसोसिएशन ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा- SPG डायरेक्टर अरुण कुमार के निधन से हम सभी दुखी हैं। वे अपनी ड्यूटी के लिए कमिटेड थे और उनकी लीडरशिप में हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। उनकी आत्मा को शांति मिले।