अमरावती
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। उनकी पार्टी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने सोमवार को पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए जन सेना पार्टी (जेएसपी) के पवन कल्याण ने भी इस बंद का समर्थन किया है। पूर्व सीएम की गिरफ्तारी के एक दिन बाद यानी की रविवार को आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम में भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। टीडीपी आंध्र प्रदेश के अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने पार्टी के कैडर, लोगों और समर्थकों से आंदोलन में भाग लेने और इसे सफल बनाने का अनुरोध किया है। जेएसपी के पवन कल्याण ने भी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से इस बंद में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने सत्तारूढ़ वाईएसआर पार्टी पर राज्य के अन्य विपक्षी पार्टियों को परेशान करने का आरोप लगाया है।