कोलंबो। किसी भी खिलाड़ी के लिए इससे बड़ी बदकिस्मती नहीं हो सकती कि वह अपने देश के लिए फाइनल खेलने का सपना लिए होटल पहुंचा ही हो और उसकी टीम फाइनल से बाहर हो जाए। जी हां, यह हुआ है और वह भी पाकिस्तान के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहनवाज दहानी के साथ। वह पाकिस्तान से चोटिल गेंदबाज नसीम शाह के रिप्लेसमेंट के तौर पर श्रीलंका पहुंचे ही थे कि उनकी टीम श्रीलंका से हारकर एशिया कप 2023 से बाहर हो गई। दरअसल, पाकिस्तान टीम के ऑफिशल पेज पर एक पोस्ट किया गया। उसमें बताया गया कि शाहनवाज दहानी श्रीलंका पहुंच गए हैं। यह पोस्ट 15 सितंबर को 12:29 एएम यानी 14 सितंबर को आधी रात को किया गया। पाकिस्तान ने लिखा- शाहनवाज दहानी आज श्रीलंका पहुंचे। इसी दिन पाकिस्तान को श्रीलंका से एशिया कप से सुपर-4 का एक मुकाबला खेलना था। जीतने वाली टीम फाइनल के लिए च्ॉलिफाइ करती। जैसे ही पाकिस्तान टीम हारी फैंस दहानी को ट्रोल करने लगे। कुछ ने तो कहा कि आना ही नहीं चाहिए था। कुछ ने कहा कि अब कोई काम नहीं है लौट जाइए।