गौतम बुद्ध नगर । ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां आम्रपाली ग्रुप की एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की लिफ्ट 80 फीट की ऊंचाई से गिर गई। हादसे में 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 5 घायल हैं। सभी मृतक मजदूर हैं, जो बिल्डिंग में काम कर रहे थे। हादसे के वक्त लिफ्ट में बैठकर नीचे से ऊपर जा रहे थे। घटना ग्रेटर नोएडा के बिसरख में सुबह साढ़े 8 से 9 बजे के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट में 9 मजदूर सवार थे। जैसे ही लिफ्ट 8 से 9वीं मजिल के बीच पहुंची, तभी अचानक फ्री हो गई और नीचे आ गिरी। लिफ्ट सामान ढोने वाली थी। इसमें कोई भी स्प्रिंग नहीं लगी थी। इसी वजह से लिफ्ट तेजी से नीचे गिरी।लिफ्ट गिरते ही बिल्डिंग में काम कर रहे बाकी लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से 4 को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बाकी 5 का इलाज चल रहा है।