मनोरंजन जगत से बुरी खबर सामने आ रही है। मशहूर कथा-पटकथा, संवाद लेखक और निर्देशक अभिनेता प्रयाग राज का निधन हो गया है। प्रयागराज ने मनमोहन देसाई द्वारा अमिताभ बच्चन को लेकर बनाई गई लगभग सभी फिल्मों की पटकथा व संवाद लेखन का काम किया है। प्रयाग राज को लोग याहू नाम से भी जानते थे। उन्होंने 60 के दशक में ‘जंगली’ फिल्म के गाने में आवाज दी थी और याहू शब्द को लोकप्रिय बना दिया था। प्रयाग राज के निधन का कारण अभी सामने नहीं आ पाया है।प्रयाग राज ने न सिर्फ फिल्मों में लिखने का काम किया बल्कि अभिनय भी किया। वह ऐसे निर्देशक रहे जिन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर रजनीकांत जैसे सुपरस्टार के साथ काम किया था। उन्हें करियर में लेखन और निर्देशन के अलावा गाने लिखने कंपोज करने का अनुभव भी था। ऐसे की थी करियर की शुरुआत प्रयाग राज ने 1963 में फूल बने अंगारे के साथ एक संवाद लेखक के रूप में अपना करियर शुरू किया और झुक गया आसमान (1968), भाई हो तो ऐसा (1972), रोटी (1974), और धरम करम (1975) जैसी फिल्मों के लिए संवाद लिखे। उनके करियर की सफलता 1977 की मल्टी-स्टारर फिल्म अमर अकबर एंथोनी से हुई, जिसने फिल्मों के लिए पटकथा में उनकी शुरुआत की, जो एक व्यावसायिक और महत्वपूर्ण हिट थी। प्रयागराज ने मनमोहन देसाई की कुली, मर्द, नसीब फिल्मों की पटकथा भी लिखी थी। यह सभी फिल्में हिन्दी सिनेमा के इतिहास में अपना एक अलग मुकाम रखती हैं।