पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बार बार लालू-राबड़ी आवास 10 सर्कुलर रोड का दौरा करने पर तंज कसते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री को 10, सर्कुलर रोड में एक स्थायी आवासीय कार्यालय खोल लेना चाहिए।
सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री अब थके थके लग रहे हैं। उनका उत्साह और उमंग निराशा में वदल चुका है। इस बुझे मन से राज्य का बागडोर संभालना इनके लिए मुश्किल हो गया है। बिहार की जनता मुख्यमंत्री के इस वदले स्वरूप से भयभीत हो गई है। अब मुख्यमंत्री में उन्हें सृजनकर्ता के बजाय संहारकर्ता की छवि दिख रही है।
सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा से सम्बद्ध महापुरुषों की जयंती में सम्मिलित होकर अपनी प्रायश्चित कर रहे हैं। वे जानते है कि भाजपा के महापुरुषों के द्वारा ही उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाया गया। केंद्र में मंत्री और बिहार में मुख्यमंत्री भी भाजपा के कारण ही बने। लेकिन इनके पलटू स्वभाव से भाजपा भी अवगत हो गई है।