मुंबई। मुंबई पुलिस ने 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के मामले में चार सौ पेज की चाजर्शीट दाखिल की। इस चार्जशीट में कहा गया है कि मुंबई हमले का आरोपी तहव्वुर राणा, आतंकी हमले से कुछ ही दिन पहले मुंबई में रुका था। चार्जशीट के अनुसार, तहव्वुर राणा मुंबई आतंकी हमले से कुछ ही दिन पहले 21 नवंबर तक मुंबई के एक होटल में ठहरा था। मुंबई पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत में यह चार्जशीट दाखिल की। मुंबई हमले में यह चौथी चार्जशीट है। तहव्वुर राणा फिलहाल अमेरिका की जेल में बंद है और उसे भारत प्रत्यर्पित कराने की तैयारी चल रही है। राणा पर आरोप है कि वह पाकिस्तानी-अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली के संपर्क में था। साथ ही राणा पर 26/11 के आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक होने का भी आरोप है। चार्जशीट में बताया गया है कि तहव्वुर राणा 11 नवंबर 2008 को भारत आया था और 21 नवंबर तक भारत में ही रहा था। इस दौरान उसने दो दिन मुंबई के पवई स्थित एक होटल में बिताए थे। मुंबई पुलिस के अधिकारी ने बताया कि हमें राणा के खिलाफ कई अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि आतंकी हमले में उसकी भूमिका थी। तहव्वुर राणा ने हेडली को भारत का पर्यटक वीजा पाने के लिए फर्जी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए थे और आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा को रसद की मदद भी तहव्वुर राणा ने ही दी थी। बता दें कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों ने करीब 60 घंटे तक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बंधक बनाए रखा था। आतंकियों ने मुंबई के मशहूर होटल ताज, एक अस्पताल, एक यहूदी स्थल समेत कई अन्य जगहों को निशाना बनाया था।