अमृतसर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर का दौरा किया। स्वर्ण मंदिर में प्रार्थना के बाद उन्होंने ‘कार सेवा’ में भी हिस्सा लिया। वे पार्टी के अन्य सदस्यों और गुरुद्वारा के स्वयंसेवकों के साथ बर्तन धोते हुए दिखाई दिए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में अरदास के लिए पहुंचे। अपने सिर को नीले रंग कपड़े से ढंककर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने स्वर्ण मंदिर के गर्भगृह में मत्था टेका। प्रार्थना के बाद वे सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त गए और श्रद्धालुओं द्वारा उपयोग किए गए पानी के बर्तनों को साफ करके ‘सेवा’ (स्वैच्छिक सेवा) भी की। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि, ”वे शहर में ही रात बिताएंगे।” उनके मंगलवार को सुबह धार्मिक क्रिया ‘पालकी सेवा’ में भी शामिल होने की संभावना है। पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बताया कि राहुल गांधी शहर के निजी दौरे पर हैं।