कुछ पैसे के लिए एक सांसद ने देश की सुरक्षा को गिरवी रख दिया
नई दिल्ली(वी.एन.झा)। संसद में पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोप में घिरीं TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। निशिकांत ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा- कुछ पैसे के लिए एक सांसद ने देश की सुरक्षा को गिरवी रख दिया। दुबे ने लिखा- दुबई से संसद के ID खोले गए, जबकि उस वक्त वो कथित सांसद भारत में ही थीं। इस नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) पर पूरी भारत सरकार है। देश के प्रधानमंत्री, वित्त विभाग, केन्द्रीय एजेंसी यहां हैं। क्या अब भी TMC व विपक्षी दलों को राजनीति करना है। निर्णय जनता का है। NIC ने यह जानकारी जांच एजेंसी को दे दी है।निशिकांत दुबे ने महुआ पर आरोप लगाते हुए जिस बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी का नाम लिया है, उन्होंने 19 अक्टूबर को एक लेटर लिखकर महुआ की संसद ID का लॉगइन खोलने की बात कबूली थी। इस पर महुआ ने भी शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक बयान पोस्ट कर इसका जवाब दिया था। हीरानंदानी का ये लेटर एथिक्स कमेटी के पास भी भेज दिया गया है।