तिरुवनंतपुरम। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने मंगलवार (24 अक्टूबर) को कहा कि वो देश के अंतरिक्ष अभियानों में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह इच्छा प्रधानमंत्री मोदी सहित देश की भावनाओं को दर्शाती है। पूर्णमासी कावु मंदिर में एक कार्यक्रम के दौरान एस सोमनाथ ने इसरो के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन में ज्यादा से ज्यादा महिला अंतरिक्ष यात्रियों के शामिल होने की अपनी इच्छा जाहिर की। हालांकि, एस सोमनाथ ने स्पष्ट करते हुए कहा कि अंतरिक्ष यात्रियों का चयन और प्रशिक्षण पहले ही किया जा चुका है, इसलिए पहले गगनयान मिशन में महिलाओं की भागीदारी संभव नहीं होगी। गगनयान मिशन का उद्देश्य इंसानों को अंतरिक्ष में भेजना और उन्हें सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाना है। इसरो चीफ ने भविष्य के गगनयान मिशनों में महिलाओं की अधिक भागीदारी होने की आशा व्यक्त की।