- महाराष्ट्र में बस 150 फीट गहरी खाई में गिरी; कर्नाटक में बेंगलुरु-हैदराबाद हाईवे पर एक्सीडेंट
मुंबई/बेंगलुरु
महाराष्ट्र और कर्नाटक में बुधवार रात से गुरुवार सुबह के बीच तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो घटनाएं महाराष्ट्र के बीड जिले की है। एक्सीडेंट में दर्जनों लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पहली घटना कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर की है। यहां बेंगलुरु-हैदराबाद हाईवे पर एक कार और ट्रक की टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई। पांच की हालत गंभीर है। सभी लोग बागेपल्ली से चिक्कबल्लापुर की ओर जा रहे थे।दूसरी तरफ महाराष्ट्र के बीड जिले में गुरुवार सुबह 4 बजे मुंबई से आ रही एक बस सड़क से 150 फीट नीचे खाई में गिर गई। इसमें छह लोगों की मौत हो गई। बस में करीब 40-50 यात्री सवार थे।बीड जिले में दूसरी घटना अहमदनगर रोड पर हुई। यहां एक एम्बुलेंस ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। इसमें एम्बुलेंस पर सवार 4 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार की रात 9:30 बजे हुआ। महाराष्ट्र में बस हादसे को लेकर बताया जा रहा है कि सागर ट्रैवल्स कंपनी की एक बस मुंबई से बीड जा रही थी। आष्टा हरिनारायण पर टर्न लेने के दौरान बस ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया। इससे बस सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं। चिक्काबल्लापुर के SP डीएल नागेश ने बताया कि मरने वालों 12 लोगों में तीन महिलाएं हैं। सभी मृतक आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के गोरंटला इलाके के कोथाचेरुवु के रहने वाले थे। गाड़ी भी आंध्र प्रदेश की थी।घटना सुबह 7 बजे की है। दुर्घटना के सटीक कारण की जांच की जा रही है। हालांकि, प्रारंभिक जांच से पता चला कि कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम थी। इससे कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। यह हादसा NH 44 पर बागेपल्ली ट्रैफिक थाना के पास हुआ।