नई दिल्ली (वी.एन.झा)। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की 20 सीटों पर मतदान मंगलवार शाम 5 बजे खत्म हो गया है। अब जो बूथ के अंदर रह गए हैं, वही मतदाता वोट कर सकेंगे। शाम 5 बजे तक 71.11 प्रतिशत मतदान हो चुका था। सबसे अधिक मतदान खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले में हुआ, यहां 76.31% लोगों ने मतदान किया। सबसे कम मतदान प्रतिशत बीजापुर जिले का रहा। यहां 40.98% मतदाताओं ने मतदान किया। जिन 20 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 19 सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं। केवल एक राजनांदगांव सीट भाजपा के पास है। वहीं मतदान के बीच नक्सलियों ने जमकर आतंक मचाया। कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में नक्सली वारदातें और मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं।सुकमा में दो अलग-अलग IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल हुए हैं। अभी मीनपा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़ जारी है। सूत्रों के मुताबिक, 3 जवान घायल हुए हैं। इसके अलावा कांकेर में हुई मुठभेड़ में गोली लगने से एक किसान घायल हुआ है। बीजापुर में कई नक्सलियों के घायल होने का दावा किया जा रहा है। नारायणपुर में मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले।मिजोरम में मतदान संपन्न हो गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, मिजोरम में 5 बजे तक के जारी आंकड़ों के अनुसार 77.73 फीसदी वोटिंग हुई है. हालांकि, ये फाइनल आंकड़े नहीं हैं. वोटिंग प्रतिशत में अभी बदलाव संभव है. मिजो नेशनल फ्रंट के (एमएनएफ) अध्यक्ष और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने मंगलवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी सत्ता विरोधी लहर को मात देकर फिर एकबार राज्य में सरकार बनाने में सक्षम होगी। जोरामथांगा ने एमएनएप के पूर्ण बहुमत पाने में पीछे रह जाने पर भगवा पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर किए गए सवाल पर कहा, ‘मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। यह एमएनएफ सरकार होगी और मुझे इसपर पूरा भरोसा है। यहां भाजपा गठबंधन में नहीं है।
एनडीए केंद्र में हैं, लेकिन मिजोरम में भाजपा या किसी अन्य पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं है।’