इन्होंने राम को काल्पनिक बताया, भ्रष्टाचार का किला खड़ा किया, कांग्रेस के चांद-सूरज लाने वाले वादे मीठा जहर
सतना/छतरपुर/नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के सतना, छतरपुर और नीमच में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। नीमच में उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने एक तरफ भ्रष्टाचार का किला खड़ा किया, दूसरी तरफ भगवान राम को भी काल्पनिक बता दिया था।’नीमच से पहले छतरपुर की सभा में बोले, ‘कांग्रेस नहीं चाहती थी कि भगवान राम का मंदिर बने। इन्होंने बुंदेलखंड को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाया, इन्हें 100 साल तक तरसाइए। सत्ता के लिए तरसाकर सजा दीजिए।’सतना की चुनावी सभा में PM ने कहा, ‘अयोध्या में जिस भक्ति से हम प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना रहे हैं, उसी भक्ति से गरीबों के घर भी बनाते हैं। जिन्हें घर (PM आवास) नहीं मिले हैं, उन्हें मोदी की गारंटी है कि उनका घर भी बनेगा। 3 दिसंबर को सरकार वापसी पर PM आवास का काम तेजी से शुरू होगा। ये मोदी है, जिसने 4 करोड़ घर बनाए, लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया।’मोदी ने युवाओं खासकर फर्स्ट टाइम वोटर से कहा, ‘पूरे चुनाव को आप लीड करिए।’ सत्ता के लालच में कांग्रेस ने समाज को बांटा। फूट डालो और राज करो की नीति पर चली। इनकी कुनीति से देश में आतंक और अराजकता को बढ़ावा मिला। आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण का जज्बा एक परिवार की भक्ति में कुचल दिया। कांग्रेस देश में अस्थिरता-अराजकता फैलाना चाहती है। इसके लिए न जाने किस-किससे गुप्त समझौते किए हैं। विदेश के जो लोग भारत के खिलाफ साजिश रचते हैं, कांग्रेस उनके साथ खड़ी नजर आती है। कांग्रेस के लिए देश दिल्ली से शुरू होकर दिल्ली में खत्म हो जाता था। योजनाएं दिल्ली के एक कमरे में घोषित होती थीं। इनके एक नेता विदेशी दोस्तों को भारत की गरीबी दिखाते थे। कांग्रेस वाले रिवर्स गियर के एक्सपर्ट हैं। इनकी हर योजना देश को पीछे ले जाने वाली होती है। कांग्रेस जब चांद और सूरज लाने वाले वादे करे तो समझ लेना कुछ तो गड़बड़ है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को और मध्यप्रदेश को बचाना है। जब भी कांग्रेस बड़े वादे करे, ये मान लीजिए कि वो मीठा जहर देने की तैयारी कर रही है। देश के कई राज्यों में ऐसा हो चुका है। आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है। 1). आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। 2). दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। 3). आपका यही वोट भ्रष्टाचारी कांग्रेस को MP की सरकार से सौ कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल। gujaratvaibhav.com