- बंगाल, ओडिशा समेत 8 राज्यों में असर होगा, अलर्ट जारी; आज सुबह बांग्लादेश से टकराएगा
भुवनेश्वर/कोलकाता
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव शुक्रवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया और अब यह सुंदरबन से होते हुए बांग्लादेश के तट से टकराएगा। इस चक्रवाती तूफान के असर से भारत में कई जगह भारी बारिश हो सकती है। जब यह चक्रवाती तूफान बांग्लादेश के तट से टकराएगा तो उस दौरान 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान मिधिली 17 नवंबर की रात या फिर 18 नवंबर की सुबह बांग्लादेश के तट से टकराएगा। इस तूफान का केंद्र बंगाल की खाड़ी में पारादीप (ओडिशा) से 190 किलोमीटर पूर्व की तरफ, दिघा (पश्चिम बंगाल) से दक्षिण-दक्षिणपूर्व की तरफ से 200 किलोमीटर और खेपुपारा (बांग्लादेश) से 220 किलोमीटर दक्षिणपश्चिम की तरफ है। चक्रवाती तूफान उत्तर-उत्तरपूर्व की तरफ बढ़ रहा है और बांग्लादेश के खेपुपारा के नजदीक ही यह तूफान तट से टकराएगा। बता दें कि इस तूफान का नाम मिधिली मालदीव द्वारा दिया गया था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से उठने वाले तूफानों से प्रभावित देश चक्रवाती तूफानों का नामकरण करते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान मिधिली से ओडिशा में ज्यादा असर नहीं होगा और यह ओडिशा के तट से ऊपर से गुजर जाएगा। भारत के 8 राज्यों में इसका असर देखा जाएगा। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, नागालैंड और मेघालय शामिल हैं। IMD ने इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा 20 नवंबर तक तामिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में इसके कारण हल्के से मध्यम बारिश हो सकती है।ओडिशा के स्पेशल रिलीफ कमिश्नर ने सभी जिला कलेक्टरों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। चक्रवाती तूफान के चलते बंगाल के दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, पूर्वी मेदिनीपुर और कोलकाता में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय नबन्ना की कहा गया कि राज्य के तीन तटीय क्षेत्रों में साइक्लोन के बारे में पहले से चेतावनी दी जा चुकी है। साथ ही मिधिली से निपटने के लिए सभी उपाय करने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही मछुआरों को 16 से 18 नवंबर के बीच मछली पकड़ने और समुद्र में जाने से मना किया गया है।साइक्लोन का नाम मिधिली रखा गया है जो कि मालदीव की ओर से दिया गया था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के चक्रवातों से प्रभावित देश बारी-बारी से एक क्रम में चक्रवातों के नाम देते हैं।