मनोरंजन जगत से आज दो दुखद खबर सामने आई हैं। पहला समाचार हिन्दी फिल्मों के ख्यातनाम निर्देशक संजय गढ़वी के निधन का मिला और दूसरा समाचार मलयालम फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता विनोद थॉमस की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मिला। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता विनोद थॉमस 45 साल के थे। अभी तक मौत की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विनोद का शव केरल के कोट्टायम में पम्पाडी के पास एक होटल के बाहर खड़ी कार में मिला। उनके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।इसके अलावा विनोद की मौत की खबर मिलते ही साथी कलाकारों और फैंस को भी सदमा लगा है। वे हैरान हैं कि ये सब अचानक कैसे हो गया। वे उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। विनोद को चाहने वाले उनके फोटो और वीडियो शेयर कर उन्हें याद कर रहे हैं।