पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य के 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में 60 प्रतिशत से अधिक सीट खाली रह जाने पर कहा है कि यह बिहार में तकनीकी शिक्षा के बदहाली का सबूत है। सिन्हा ने कहा कि कुल 13765 सीटों में से 7942 सीट खाली रह जाना चिंता का विषय है।यह स्थिति तब है जबकि इस वर्ष 2810 सीट बढ़ाई गई थी।यह हालात कई वर्षो से है। लेकिन सरकार ने इस पर कभी गम्भीर नहीं हुई। एक समय था जब राज्य में इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला के लिए बहुत कंपीटिशन था। पर आज कंप्यूटर साइंस में भी सीट नहीं भर पाता है।
सिन्हा ने कहा कि राज्य की अराजक शिक्षा व्यवस्था के कारण लाखों छात्र राज्य के बाहर पलायन कर रहे हैं। सरकार ने उनके पलायन को रोकने हेतु कोई प्रयास नहीं किया है। 33 वर्षों में राजद और जदयू ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है। उन्नत शिक्षा का प्राबधान के बजाय समाज को विभाजित करने में इनका पूरा ध्यान लगा है।