- नाज-रे-करम नाव पर सवार होकर भारतीय सीमा में पकड़ रहे थे मछली
अहमदाबाद । भारतीय तटरक्षकों के हाथ मंगलवार को बड़ी उपलब्धि लगी है। तटरक्षक जहाज अरिंजय ने मंगलवार को अरब सागर में अपने ऑपरेशन के दौरान एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है। इस नाव में चालक दल समेत 13 पाकिस्तानी सवार थे। आईसीजीएस अरिंजय ने अरब सागर में गश्त के दौरान एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास भारतीय जल क्षेत्र में लगभग 15 किमी अंदर मछली पकड़ते हुए देखा। चुनौती दिए जाने पर नाव पाकिस्तान की ओर भागने लगी। हालांकि, आईसीजी जहाज ने नाव को रोक लिया। आईसीजीएस अरिंजय ने भारतीय जल सीमा में मछुआरों को रोक दिया। इसके बाद मछुआरों को नाव पर चढ़ाया गया और कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि पीएफबी नाज-रे-करम 19 नवंबर को 13 चालक दल के साथ कराची से रवाना हुआ था। सीमावर्ती क्षेत्र में नाव द्वारा मछली पकड़ने को सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सही नहीं ठहराया गया। नाव को सभी एजेंसियों द्वारा गहन जांच और संयुक्त पूछताछ के लिए ओखा बंदरगाह लाया जा रहा है।