शिमला। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के हमीरपुर संसदीय सीट से ही चुनाव लड़ने का एलान करने से मुख्यमंत्री सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के संसदीय क्षेत्र में राजनीति गरमा गई है। पिछले चुनावों में ठाकुर रामलाल और राजेंद्र राणा पर कांग्रेस दांव खेलती आई है। अब कांग्रेस किस प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारेगी, इस पर सभी की नजरें टिक गई हैं। हिमाचल में कांग्रेस सत्ता में है। अनुराग ठाकुर के चंडीगढ़, कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्रों से चुनाव लड़ने की बीते कुछ समय से अटकलें लग रही थीं।अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर में एलान कर दिया कि वह हमीरपुर से ही चुनाव लड़ेंगे। अनुराग के अलावा अभी तक अन्य किसी भी लोकसभा क्षेत्र से किसी ने दावेदारी नहीं जताई है। कांग्रेस में अंदरखाते अभी तक प्रत्याशी को लेकर मंथन ही चल रहा है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा लगातार आठ बार चुनाव जीतती आ रही है। 1998, 1999 और 2004 में भाजपा के सुरेश चंदेल चुनाव जीते। 2007 में हुए उपचुनाव में प्रेम कुमार धूमल सांसद बने। दिसंबर 2007 में धूमल के मुख्यमंत्री बनने के बाद 2008 में दोबारा हुए उपचुनाव में अनुराग पहली बार सांसद बने। इसके बाद 2009, 2014 और 2019 में भी अनुराग ठाकुर ही हमीरपुर सीट से चुनाव जीते। 1996 में विक्रम सिंह के चुनाव जीतने के बाद से कांग्रेस के हाथ यह सीट नहीं लगी। बिलासपुर में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी भ्रष्टाचार के चलते जमानत पर हैं। अब ईडी ने उनकी संपत्ति को भी जब्त किया है। इससे दिखता है कि कैसे कांग्रेस के कुछ नेताओं के साथ मिलकर इन्होंने भ्रष्टाचार किया। हजारों करोड़ की संपत्ति बनाई। अब जब इसे जब्त किया, तो इन्हें परेशानी हो रही है।