नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता सर्वाधिक है। एक सर्वे में उन्हें हाल ही में सबसे लोकप्रिय नेता करार दिया गया था। इतना ही नहीं कई देश भी उन्हें अपने सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित कर चुके हैं। इसे लेकर विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने गुरुवार को राज्यसभा में भी जानकारी दी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर उनके नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2014 के बाद से 14 देशों के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने एक सवाल के जवाब देते हुए बताया कि 2014 से भारत के प्रधानमंत्री को 14 देशों का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार और संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार मिला है। मुरलीधरन ने कहा कि भारत के प्रधान मंत्री को सर्वोच्च पुरस्कार प्रदान करना द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर उनकी राजनेता कौशल और नेतृत्व की स्पष्ट मान्यता है। यह पीएम के नेतृत्व में भारत की मान्यता को भी दर्शाता है।