जयपुर। भजन लाल शर्मा राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। शपथ लेने के बाद सीएम भजन लाल ने कहा- मैं भावुक और नतमस्तक हूं। राजस्थान को सर्वश्रेष्ठ, समृद्ध, और आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारे लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का संकल्प सर्वोपरि है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद भजनलाल शर्मा सचिवायल पहुंचे और पूजा-पाठ के साथ मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी समेत , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सम्मिलित हुए। शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित विधायक, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। शपथ से पहले भजनलाल शर्मा ने पीएम का स्वागत किया तो मोदी ने उनकी पीठ थपथपाते नजर आए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे।
राजस्थान सरकार लोगों के विश्वास और आशा पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करेगी:पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान के नए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एक समर्पित भाजपा कार्यकर्ता हैं जिन्होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए सराहनीय प्रयास किए और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। मोदी ने कहा, राजस्थान में भाजपा सरकार राज्य के लोगों के विश्वास और आशा पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करेगी।प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा जी को जन्मदिन की बधाई। वर्षों से एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता, उन्होंने राज्य भर में भाजपा को मजबूत करने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। जैसे ही वह अपनी मुख्यमंत्री पद की यात्रा शुरू कर रहे हैं, मैं उन्हें लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को भी अपनी शुभकामनाएं दीं।