- UP, झारखंड में कोहरा; जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से रास्ते बंद
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई है। टूरिस्ट डेस्टिनेशन गुलमर्ग में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। कोंगडोरी इलाके में पारा -4 डिग्री पर पहुंचा गया। गुलमर्ग पहुंचे टूरिस्ट स्नो फॉल का मजा लेते नजर आए। उनका कहना यह है कि बर्फबारी के चलते रास्ते ब्लॉक हो गए हैं। हम कहीं और नहीं जा पा रहे हैंराजस्थान के माउंट आबू में पारा -1 डिग्री पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में सर्दी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में बारिश के आसार जताए, वहीं तमिलनाडु में बारिश हो रही है। दिल्ली में पारा 6.5 दर्ज किया गया है।जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों बर्फबारी के चलते रास्ते ब्लॉक हैं। गुरेज वैली में प्रशासन बर्फ हटाने में जुट गया है। वहीं, माता वैष्णो देवी की यात्रा पर गए श्रद्धालुओं ने बर्फबारी का आनंद लिया। उनके बनाए वीडियो भी सामने आए हैं। आज माउंट आबू में पारा -1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से यहां अचानक फिर से सर्दी तेज हो गई। शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस था। हालांकि राज्य में अभी ठंडी हवाएं आनी रुक गई हैं। मौसम बिल्कुल शुष्क बना हुआ, जिसके कारण दिन में तेज धूप रहती है। तापमान 24 से लेकर 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। झारखंड में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। 16 दिसंबर (शनिवार) की देर शाम और अहले सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। राज्य के लगभग सभी जिले में ठंड पड़ रही है। कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। राजधानी रांची से सटे कांके का न्यूनतम तापमान शनिवार को चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान भी आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में पारा के 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चले जाने के कारण लोग ठंड की चपेट में हैं। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक उत्तरी पश्चिमी हवा के चलते तापमान में यह गिरावट आई है। मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। उत्तर भारत में अगले सात दिन में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहे हैं। इनका असर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 22 दिसंबर को स्ट्रॉन्ग सिस्टम के एक्टिव होने की संभावना है। इससे 23-24 दिसंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। बर्फबारी वाले इलाकों से पछुआ हवा बिहार पहुंच रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश पछुआ हवा 5.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। इसके कारण सुबह और शाम कंपकंपाहट और रात में ठंड अधिक महसूस हो रही है। प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, तमिलनाडु में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई थी। शनिवार 16 दिसंबर को भी तमिनलाडु में बारिश हुई थी। रविवार 17 दिसंबर की सुबह तिरुनेलवेली में जोरदार बारिश हुई।सोमवार (18 दिसंबर) तक केरल में कई स्थानों के अलावा तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की, तो कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, लक्षद्वीप में भी 19 दिसंबर तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।